[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

सक्ती में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या का लगाया आरोप

gmedianews24.com/सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गाड़ापाली में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मई 2024 में हुई थी शादी

मिली जानकारी के अनुसार थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम तुपकधार कठली निवासी बीसीकेशन यादव ने अपनी बेटी नीतू यादव की शादी मई 2024 में ग्राम गाड़ापाली निवासी रोहित यादव के साथ की थी। शादी के बाद दोनों परिवारों में सब कुछ सामान्य चल रहा था। लेकिन विवाह के करीब एक साल नौ महीने बाद 4 मार्च की रात नीतू की अचानक मौत की खबर से मायके पक्ष स्तब्ध रह गया।

बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष ने मायके वालों को फोन कर नीतू की सामान्य मौत होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल गाड़ापाली पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी को कमरे में मृत अवस्था में पाया। बेटी की अचानक मौत से परिवार में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल बन गया।

शव का अंतिम संस्कार करने की हो रही थी तैयारी

मायके पक्ष का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें रात में नहीं दी गई और ससुराल पक्ष मामले को दबाने की कोशिश कर रहा था। परिजनों के अनुसार सुबह शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी भी की जा रही थी। जब उन्होंने बेटी का चेहरा देखने की कोशिश की तो उन्हें रोक दिया गया।

इसके बाद मायके पक्ष ने तत्काल डभरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही तहसीलदार और महिला पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को मृतका का चेहरा देखने दिया गया।

गले और गर्दन पर मिले संदिग्ध निशान

परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने नीतू के गले और गर्दन के आसपास काले निशान और खरोंच के निशान देखे तो उनका संदेह और गहरा गया। मायके पक्ष ने मृतका के पति, ससुर और सास पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

परिजनों ने यह भी बताया कि घटना की रात उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी और उसके कुछ समय बाद ही अचानक मौत की खबर मिली।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए डभरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button