[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

पथरीपारा में नाबालिग के लापता होने से हड़कंप, सर्वमंगला मंदिर में शादी कराने की कोशिश का आरोप

gmedianews24.com/कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरीपारा में एक नाबालिग लड़की के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने इलाके में रहने वाले युवक मनीष राठिया पर बहला-फुसलाकर ले जाने और सर्वमंगला मंदिर में शादी कराने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़िता के परिजनों के अनुसार मोबाइल फोन पर उन्हें सूचना मिली थी कि किशोरी की शादी सर्वमंगला मंदिर में कराई जा रही है। सूचना मिलते ही परिजन मंदिर पहुंचे, जहां युवक की मां खाकी वर्दी में मौजूद थी। बताया जा रहा है कि वह मंदिर में निजी सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है और मौके पर कथित रूप से धौंस जमाती रही।

आरोप है कि जब किशोरी के परिजन युवक के घर के पास पहुंचे तो उनके साथ मारपीट भी की गई। मामला थाने पहुंचने पर परिजनों का कहना है कि युवक की मां को खाकी वर्दी में देखकर पुलिस भी क्षणभर के लिए चौंक गई।

सबसे गंभीर सवाल यह उठ रहा है कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी युवक के लापता होने की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। पीड़िता पक्ष ने युवक की मां और अन्य परिजनों पर मिलीभगत कर नाबालिग की शादी कराने के प्रयास का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि दोनों परिवार पथरीपारा में आमने-सामने रहते हैं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी युवक और किशोरी के प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों परिवारों को थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button