
gmedianews24.com//नई दिल्ली। सोमवार सुबह राजधानी में उस समय हड़कंप मच गया, जब अलग-अलग इलाकों के चार स्कूलों और एक बैंक को बम से उड़ाने की धमकी भरे संदेश मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और सभी स्थानों पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे से 9:30 बजे के बीच दिल्ली कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, मयूर विहार के सलवान पब्लिक स्कूल, जनकपुरी के मीरा पब्लिक स्कूल, बल्लीमारान स्थित राबिया गर्ल्स स्कूल और बरामखंबा रोड के स्टेट्समैन हाउस में स्थित एक्सिस बैंक को धमकी भरे संदेश मिले।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी परिसरों को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियां संदेश भेजने वाले की पहचान और धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।
फिलहाल सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।






