
gmedianews24.com/नई दिल्ली/महाराष्ट्र — एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने बारामती प्लेन क्रैश मामले में 22 पेज की प्राथमिक जांच रिपोर्ट जारी कर दी है। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि 28 जनवरी को मुंबई से बारामती जा रहा विमान कम विजिबिलिटी के बावजूद रनवे पर लैंडिंग का प्रयास कर रहा था।
जांच के अनुसार विमान लैंडिंग के दौरान अचानक दाईं ओर मुड़ा, पेड़ों से टकराया और फिर जमीन पर गिर गया। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई, जिससे पूरा कॉकपिट और केबिन जलकर खाक हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई थी।
CCTV फुटेज से हादसे की पुष्टि
जांच एजेंसी ने क्रैश साइट के पास स्थित गांव के CCTV फुटेज का हवाला देते हुए बताया कि विमान पहले दाईं ओर मुड़ा, फिर पेड़ों से टकराया और जमीन से टकराने के बाद उसमें आग लग गई।
पोस्ट-फ्लाइट चेक में नहीं मिली थी कोई गड़बड़ी
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि हादसे से एक दिन पहले विमान सामान्य उड़ान पूरी कर वापस लौटा था और पोस्ट-फ्लाइट जांच में कोई तकनीकी खराबी नहीं पाई गई थी। यह विमान VSR वेंचर्स की चार्टर फ्लाइट के रूप में संचालित हो रहा था।
विजिबिलिटी कम होने के बावजूद जारी रखा अप्रोच
28 जनवरी की सुबह विमान को उड़ान की अनुमति दी गई और बाद में वह बारामती टावर के संपर्क में आया। कंट्रोलर ने पायलटों को लगभग 3 किलोमीटर विजिबिलिटी की जानकारी दी थी।
पहले अप्रोच के बाद विमान ने गो-अराउंड किया, लेकिन दूसरे अप्रोच में रनवे दिखने की सूचना दी गई और लैंडिंग की अनुमति दे दी गई। लैंडिंग से ठीक पहले कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डिंग में क्रू मेंबर को “ओह शिट… ओह शिट…” कहते हुए सुना गया।







