
gmedianews24.com/नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह करीब 11 बजे अजमेर पहुंचेंगे। उनका कार्यक्रम कायड़ विश्रामस्थली में आयोजित किया गया है। यहां वे 9 से 14 साल तक की लड़कियों में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत करेंगे।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री 16,600 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।
कड़ी सुरक्षा, 7 किमी क्षेत्र पुलिस घेरे में
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 5 हजार से ज्यादा पुलिस कर्मियों ने कायड़ विश्रामस्थली के आसपास करीब 7 किलोमीटर क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया है।
यातायात व्यवस्था को देखते हुए नेशनल हाईवे-8 पर किशनगढ़ से अजमेर के बीच सुबह 6 बजे से भारी वाहनों का डायवर्जन किया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पहुंचे सभा स्थल
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मदन राठौड़ और भजन लाल शर्मा पहले ही सभा स्थल पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री शुक्रवार रात को ही अजमेर पहुंच गए थे और सर्किट हाउस में रुके थे।
राज्यपाल भी होंगे कार्यक्रम में शामिल
हरिभाऊ बागडे अजमेर के घूघरा हेलीपेड पर पहुंचेंगे और प्रधानमंत्री के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे बीकानेर के लिए रवाना हो जाएंगे।







