
gmedianews24.com/बिलासपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सकरी पुलिस ने मेंड्रा रोड पर घेराबंदी कर एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में नशा सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जबकि मामले का मास्टरमाइंड पहले से जेल में बंद बताया जा रहा है।
ग्राहक का इंतजार करते पकड़ा गया आरोपी
निमितेष सिंह (सीएसपी सिविल लाइन) के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि मेंड्रा रोड पर एक युवक ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर हामिद अंसारी (33) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से जिपर पैकेट में 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पूछताछ में सप्लाई नेटवर्क का खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अभिषेक नगर मंगला निवासी ईशान मंडलोई और अमन तिवारी प्रयागराज से पिस्टल और ब्राउन शुगर लाए थे। वह ईशान से ब्राउन शुगर लेकर बेच रहा था।
इसके बाद पुलिस ने दोनों के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ईशान के घर से करीब 25 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया गया। हालांकि घर से कोई पिस्टल नहीं मिली।







