gmedianews24.com/कोरबा (पाली)। रात के समय अनजान व्यक्ति को लिफ्ट देना एक बाइक चालक को भारी पड़ गया। सोनारडीह निवासी दुबे लाल ने रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति को अपनी मोटरसाइकिल पर लिफ्ट दे दी। कुछ दूर चलने के बाद लिफ्ट लेने वाले ने पेशाब के लिए गाड़ी रुकवाने को कहा।
जैसे ही बाइक चालक भी पेशाब करने लगा, उसी दौरान लिफ्ट लेने वाला युवक मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया।
चोरी के बाद भागते समय हुआ हादसा
हालांकि चोरी कर भागना चोर को महंगा पड़ गया। जानकारी के अनुसार, बाइक लेकर भाग रहा युवक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा कटघोरा के पास सुरतरा क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसका शव मर्चुरी में रखा गया है।
मेला के दौरान बढ़ी बाइक चोरी की घटनाएं
बताया जा रहा है कि इन दिनों पाली क्षेत्र में मेला महोत्सव चल रहा है, जिसके चलते भीड़ बढ़ने के साथ बाइक चोरी की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों से प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।







