
gmedianews24.com/बीजापुर। बीजापुर जिला के जांगला क्षेत्र में इंद्रावती नदी के जंगलों में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई भारी गोलीबारी में जवानों ने 2 वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया।
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से दोनों नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। साथ ही एसएलआर और इंसास जैसे हथियार भी जब्त किए गए हैं। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
इस मुठभेड़ की पुष्टि जितेंद्र यादव, पुलिस अधीक्षक बीजापुर ने की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया था, जिसके दौरान मुठभेड़ हुई।
ओडिशा में इनामी माओवादी कमांडर की हत्या, सरेंडर की तैयारी बनी वजह
इसी बीच नक्सल संगठन के अंदरूनी संघर्ष से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। ओडिशा में 22 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर अन्वेष उर्फ रेनू की कथित तौर पर उसके ही संगठन के वांछित नेता ने हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, कंधमाल जिला के डारिंगबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित पाकरी आरक्षित वन इलाके से अन्वेष का क्षत-विक्षत शव कब्र से बरामद किया गया।
कंधमाल के पुलिस अधीक्षक हरीश बीसी ने बताया कि राज्य के वांछित नक्सली नेता सुक्रू और उसके साथियों ने अन्वेष की हत्या उस समय कर दी, जब वह पुलिस के सामने आत्मसमर्पण की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, अन्वेष मूल रूप से सुकमा जिला का निवासी था और केकेबीएन (कालाहांडी–कंधमाल–बौध–नयागढ़) डिवीजन का संभागीय समिति सदस्य (DVCM) और सैन्य प्लाटून कमांडर था। उस पर 22 लाख रुपये का इनाम घोषित था।







