[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

दिल्ली में फिदायीन हमले की साजिश रचने वाला शब्बीर फिर एजेंसियों के रडार पर, बांग्लादेश कनेक्शन से अलर्ट

gmedianews24.com/नई दिल्ली। साल 2007 में दिल्ली में फिदायीन हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया आतंकी संदिग्ध शब्बीर अहमद लोन एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर आ गया है। इस बार उसके तार बांग्लादेश में सक्रिय आतंकी नेटवर्क से जुड़ने की बात सामने आई है, जिससे भारतीय खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

2007 में फिदायीन हमले की साजिश का खुलासा

जानकारी के मुताबिक, साल 2007 की गर्मियों में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को इनपुट मिला था कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लॉन्चिंग कमांडर अबू अल-कमा के निर्देश पर शब्बीर को श्रीनगर से दिल्ली भेजा गया है। उसका लक्ष्य एक हाई प्रोफाइल राजनेता पर फिदायीन हमला करना था।

अलर्ट मिलते ही जुलाई 2007 में पुलिस ने चांदनी चौक से शब्बीर को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसके आजादपुर स्थित ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ। पुलिस को ग्रेनेड, हथियार, नकदी और विदेशी मुद्रा भी मिली थी, जो कथित तौर पर हवाला के जरिए पहुंचाई गई थी।

2019 में जमानत पर रिहाई, फिर हुआ गायब

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय और अन्य मामलों में शब्बीर 2019 तक जेल में रहा। उसी साल अदालत ने उसे जमानत देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को तब तक निर्दोष माना जाता है, जब तक मुकदमे में उसका दोष सिद्ध न हो जाए।
जेल से रिहा होने के बाद से ही वह लापता बताया जा रहा था।

2026 में फिर सक्रिय, बांग्लादेश नेटवर्क से जुड़ाव

अब वर्ष 2026 में शब्बीर के फिर सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, वह बांग्लादेश में लश्कर-ए-तैयबा के एक मॉड्यूल का हैंडलर बन गया है।

हाल ही में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किए गए आठ संदिग्धों के तार भी शब्बीर से जुड़े बताए जा रहे हैं। एजेंसियां इन गिरफ्तारियों के बाद पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं।

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

खुफिया एजेंसियों का मानना है कि शब्बीर की गतिविधियां राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा बन सकती हैं। उसके संपर्कों, फंडिंग और नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां संभावित आतंकी साजिशों को लेकर अलर्ट मोड पर हैं।

Related Articles

Back to top button