
gmedianews24.com/नई दिल्ली। ऋषि सुनक ने राजधानी में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के मंच से दिल्ली के ट्रैफिक पर हल्के-फुल्के अंदाज़ में टिप्पणी कर माहौल खुशनुमा बना दिया। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर उन्होंने खुद जिम्मेदारी ली और मुस्कुराते हुए कहा,
“एआई बहुत सारी समस्याओं को कम कर सकता है, लेकिन दिल्ली का ट्रैफिक कम करना उसके लिए भी मुश्किल है।”
उनकी इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद लोग मुस्कुरा उठे।
एआई चर्चा के लिए भारत सबसे बेहतर जगह
समिट में बोलते हुए सुनक ने भारत की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के परिवर्तनकारी प्रभाव पर चर्चा के लिए भारत से बेहतर स्थान कोई नहीं हो सकता। उनके अनुसार, एआई का लाभ केवल विकसित देशों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विकासशील देशों को भी इससे बड़ा फायदा होगा।
उन्होंने दुनिया में तकनीक और एआई पर नियमित वैश्विक चर्चा मंच की जरूरत बताई और कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार हुआ है, जहां वैश्विक स्तर पर एआई के प्रभाव और संभावनाओं को समझने का अवसर मिल रहा है।
“एआई सबके लिए होना चाहिए”
सुनक ने कहा कि एआई का लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए और यही इस मंच का उद्देश्य है। उन्होंने भारत की तकनीकी क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि देश ने एआई की संभावनाओं को समझकर बड़े पैमाने पर इसे लागू करने की दिशा में तेजी दिखाई है।







