
gmedianews24.com/भारत में आज से मुसलमानों के पाक महीने रमजान की शुरुआत हो गई है। 18 फरवरी को देश के कई हिस्सों में चांद दिखाई देने के बाद गुरुवार से रोजों का सिलसिला शुरू हो गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों, खासकर मुस्लिम समाज को रमजान की मुबारकबाद दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि यह पवित्र महीना समाज में एकजुटता की भावना को और मजबूत करे तथा हर जगह शांति और समृद्धि का वातावरण बने।
चांद दिखने के साथ रोजों की शुरुआत
रमजान इस्लामी चंद्र कैलेंडर का नौवां महीना है, जिसकी शुरुआत चांद दिखाई देने से होती है। इस महीने में मुसलमान सुबह से शाम तक रोजा रखते हैं और इबादत में विशेष रूप से ध्यान देते हैं। मस्जिदों में शाम को विशेष नमाज अदा की जाती है, जिसमें कुरान का पाठ किया जाता है और यह सिलसिला ईद का चांद दिखने तक जारी रहता है।
धार्मिक प्रमुखों ने की पुष्टि
दिल्ली के फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने चांद दिखने की पुष्टि करते हुए रमजान के महीने की शुरुआत की घोषणा की। वहीं जामा मस्जिद के नायब शाही इमाम सैयद शबान बुखारी ने भी चांद दिखने की पुष्टि की।
रमजान के आगाज के साथ ही देशभर की मस्जिदों में इबादत, दुआ और आध्यात्मिक माहौल का सिलसिला शुरू हो गया है। लोग 30 दिनों तक रोजा रखकर खुदा की इबादत करेंगे और अंत में ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा।







