[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

कोरबा में दर्दनाक हादसा: लापता 2 साल के मासूम का शव गोबर गैस चेंबर में मिला, घर में मचा कोहराम

gmedianews24.com/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार दोपहर से लापता 2 साल के मासूम का शव मंगलवार सुबह घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर से बरामद हुआ। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक दर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बरेड़ीमुड़ा निवासी लक्ष्मी नारायण कंवर और उनकी पत्नी रोजी-मजदूरी के लिए **तमिलनाडु गए हुए हैं। उनका करीब 2 वर्षीय पुत्र गांव में अपने दादा प्रमोद कंवर और बुआ रिंकी के साथ रह रहा था।

बताया जा रहा है कि रविवार को सामान्य दिनों की तरह बच्चा घर में खेल रहा था, जबकि बुआ अपने काम में व्यस्त थी और दादा बाड़ी में नहाने गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे के बाद बच्चा अचानक लापता हो गया। दादा ने नहाकर लौटने के बाद जब पोते को खाना खिलाने के लिए आवाज लगाई तो वह कहीं नजर नहीं आया।

परिजनों ने घर और आसपास के इलाके में काफी तलाश की, पड़ोसियों से पूछताछ की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। इसके बाद दर्री थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई और लगातार खोजबीन जारी रही।

सुबह गोबर गैस चेंबर में मिला शव

मंगलवार सुबह भी परिजन और ग्रामीण बच्चे की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान आशंका होने पर घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर में झांककर देखा गया, जहां मासूम अंदर गिरा हुआ मिला। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन संकरे चेंबर में गिरकर फंसे बच्चे की मौत हो चुकी थी।

मृत पोते को गोद में उठाए दादा बिलखते रहे, वहीं बुआ का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद पूरे घर में कोहराम मच गया।

माता-पिता को दी गई सूचना, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना बच्चे के माता-पिता को दे दी गई है, जो तमिलनाडु से कोरबा लौट रहे हैं। ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button