[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

पाली महोत्सव 2026 : महाशिवरात्रि पर भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी, सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रमों से सजेगा दो दिवसीय उत्सव

gmedianews24.com/कोरबा, महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत केराझरिया स्थित पाली महोत्सव मैदान में 15 और 16 फरवरी को भव्य आयोजन किया जाएगा। यह दो दिवसीय उत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। जिला प्रशासन ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

शिव आरती और दीपोत्सव से होगा शुभारंभ

15 फरवरी को शाम 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट में भव्य शिव आरती और दीपोत्सव का आयोजन होगा। उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे।

विशिष्ट अतिथियों में सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत, विधायक प्रेमचंद पटेल, विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल और सरपंच गिरजा सत्यनारायण पैंकरा उपस्थित रहेंगे।

बॉलीवुड और लोक कलाकारों की सुरमयी शाम

महोत्सव में संगीत प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक मीत ब्रदर्स, खुशबू ग्रेवल और सलमान अली अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं छत्तीसगढ़ी कलाकार दीपक साहू और ऋषिराज पांडेय लोक कला का प्रदर्शन करेंगे। कठपुतली नृत्य और युवाओं के लिए साइकिल रेस प्रतियोगिता भी आयोजन का हिस्सा होगी।

16 फरवरी को समापन समारोह

महोत्सव का समापन 16 फरवरी को शाम 7 बजे होगा। समापन संध्या में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक अनुज शर्मा और बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर अपनी प्रस्तुति से माहौल को संगीतमय बनाएंगे। साथ ही सितार वादन से लवली शर्मा और स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

आस्था, संस्कृति और मनोरंजन का संगम

पाली महोत्सव 2026 धार्मिक श्रद्धा, सांस्कृतिक एकता और मनोरंजन का भव्य उत्सव बनेगा, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल होकर इस आयोजन को यादगार बनाएंगे।

Related Articles

Back to top button