
gmedianews24.com/नई दिल्ली.नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नए प्रधानमंत्री कार्यालय परिसर सेवा तीर्थ में शिफ्ट होंगे। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे सेवा तीर्थ बिल्डिंग कॉम्पलेक्स के नाम का अनावरण करेंगे।
इसके बाद शाम करीब 6 बजे सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन-1 व कर्तव्य भवन-2 का उद्घाटन करेंगे और एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
मंत्रालयों को मिलेंगे नए कार्यालय
कर्तव्य भवन-1 और 2 में केंद्र सरकार के मंत्रालयों के नए कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। वर्तमान में प्रधानमंत्री कार्यालय और कई मंत्रालयों के दफ्तर नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक और नॉर्थ ब्लॉक में संचालित हो रहे हैं। ये दोनों इमारतें करीब 78 वर्षों से देश की सत्ता का प्रमुख केंद्र रही हैं।
साउथ ब्लॉक में आखिरी कैबिनेट बैठक
शुक्रवार को इन ऐतिहासिक इमारतों में सरकारी कामकाज का आखिरी दिन होगा। सेवा तीर्थ में शिफ्ट होने से पहले प्रधानमंत्री साउथ ब्लॉक में केंद्रीय कैबिनेट की विशेष बैठक करेंगे। यह बैठक शाम 4 बजे निर्धारित है और ब्रिटिश काल की सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग में होने वाली अंतिम कैबिनेट बैठक होगी।
केंद्रीय मंत्री ने साझा की जानकारी
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री कार्यालय ब्रिटिश काल के साउथ ब्लॉक से अपने नए पते सेवा तीर्थ में स्थानांतरित हो रहा है।







