
gmedianews24.comरायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र में एक बार फिर मंत्रियों की मौजूदगी में समस्याओं की सुनवाई की व्यवस्था की गई है। इसके तहत प्रदेश के सभी मंत्री बारी-बारी से सहयोग केंद्र में बैठकर कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
बताया गया कि इस पहल की शुरुआत वर्ष 2024 में की गई थी, जहां मंत्रियों ने सीधे बैठकर जनता से जुड़ी समस्याओं को सुना और कई मामलों का त्वरित समाधान भी किया। हालांकि, सहयोग केंद्र के बंद होने के बाद कार्यकर्ता लंबे समय से इसके दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। बीते वर्ष अक्टूबर में इसे दोबारा प्रारंभ किया गया था, लेकिन यह व्यवस्था केवल दो सप्ताह ही चल सकी और दीपावली के कारण बंद कर दी गई। इस दौरान मंत्रियों के पास एक हजार से अधिक समस्याएं और मांगें सामने आईं, जिनमें से लगभग आधी समस्याओं का तत्काल समाधान कर दिया गया था।
अब एक बार फिर सहयोग केंद्र को सक्रिय किया जा रहा है। 3 फरवरी को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय भी मौजूद रहेंगे।
4 फरवरी को कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल समस्याएं सुनकर समाधान करेंगे, उनके साथ प्रदेश भाजपा महामंत्री अखिलेश सोनी रहेंगे।
5 फरवरी को श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन के साथ सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे।
वहीं 6 फरवरी को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल समस्याओं की सुनवाई करेंगे, जिनके साथ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रंजना साहू मौजूद रहेंगी।
भाजपा संगठन का कहना है कि इस पहल से कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और शासन–प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।







