[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

कोरबा में सड़क सुरक्षा माह का सफल समापन: 27 जागरूकता कार्यक्रमों से 6705 से अधिक नागरिक हुए लाभान्वित

gmedianews24.com/कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में प्रभावी रूप से संचालित किया गया।

समापन कार्यक्रम में दिया गया सुरक्षा संदेश
सड़क सुरक्षा माह के समापन अवसर पर कोरबा कलेक्टर श्री कुणाल देवदत्त एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में करतला से हाटी रोड पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे स्थित पेड़ों पर कलर एवं रेडियम पट्टी लगाई गई। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वयं श्रमदान कर पेड़ों पर रेडियम पट्टी लगाते हुए यह संदेश दिया कि रात्रि के समय वाहन चालकों को स्पष्ट दृश्यता मिले और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत श्रृंखला
सड़क सुरक्षा माह के दौरान कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में कुल 27 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें स्कूल एवं कॉलेजों में 12 यातायात प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 2820 विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया। हेलमेट रैली में 150 नागरिकों ने सहभागिता की, जबकि नुक्कड़ नाटक के जरिए 400 नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर 9 जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 1910 नागरिकों तक संदेश पहुंचाया गया। सड़क सुरक्षा पोस्टर चस्पा कर 1000 नागरिकों को जागरूक किया गया। चौक-चौराहों पर यातायात नियमों का पालन करने वाले 350 नागरिकों को गुलाब भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, स्कूली वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 75 वाहन/व्यक्ति शामिल रहे।

नियमों के पालन की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित गति से वाहन चलाएं।

Related Articles

Back to top button