
gmedianews24.com/बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का खुलासा किया है। संयुक्त कार्रवाई के तहत पुलिस ने 5 चोरी की महंगी मोटरसाइकिल जब्त करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अपचारी बालकों को हिरासत में लिया गया है। एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी आयुष एक्का है। वहीं इस गिरोह में शामिल एक अन्य आरोपी हरिओम जोशी फरार बताया जा रहा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बिलासपुर शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में सक्रिय था और बुलेट, पल्सर व जावा जैसी महंगी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। जब्त की गई मोटरसाइकिलों की कुल कीमत 3 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी के साथ-साथ सूने मकानों में चोरी की वारदातों को भी अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथौड़ी, कटर, मास्क सहित चोरी में इस्तेमाल होने वाले अन्य औजार भी बरामद किए हैं।
यह पूरी कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस, एसीसीयू, संकरी और मोपका थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और मामले में आगे की जांच जारी है।






