[metaslider id="31163"]
Featuredविदेश

ईरान पर अमेरिका का दबाव बढ़ा, ट्रम्प बोले— एक और नौसैनिक बेड़ा ईरान की ओर रवाना

gmedianews24.com/वॉशिंगटन/तेहरान — ईरान में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच अमेरिका ने अपने रुख को और सख्त कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संकेत दिए हैं कि अमेरिका ईरान के खिलाफ शिकंजा और कसने की तैयारी में है। इसके तहत अमेरिका ईरान के आसपास अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा है।

मंगलवार को दिए गए एक भाषण में राष्ट्रपति ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका का एक और नौसैनिक बेड़ा ईरान की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हालांकि, उन्होंने इस बेड़े के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की। ट्रम्प ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान को नए समझौते पर सहमत किया जा सकता है।

गौरतलब है कि इससे एक हफ्ते पहले भी ट्रम्प ने इसी तरह का बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि एक बड़ा अमेरिकी सैन्य बेड़ा ईरान की ओर बढ़ रहा है। इस बीच बीबीसी फारसी की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी युद्धपोत USS अब्राहम लिंकन मिडिल ईस्ट पहुंच चुका है।

USS अब्राहम लिंकन अमेरिकी नौसेना का एक न्यूक्लियर-पावर्ड एयरक्राफ्ट कैरियर है, जिसे दुनिया के सबसे बड़े और सबसे ताकतवर युद्धपोतों में गिना जाता है। इस युद्धपोत की तैनाती को ईरान पर बढ़ते सैन्य और कूटनीतिक दबाव के रूप में देखा जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका की यह सैन्य गतिविधि ईरान के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है, जबकि क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button