[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

सोनमर्ग में बर्फबारी के बीच एवलांच, कई होटल क्षतिग्रस्त; जानमाल का नुकसान नहीं

gmedianews24.com/सोनमर्ग (जम्मू-कश्मीर) — जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोनमर्ग में लगातार जारी भारी बर्फबारी के चलते मंगलवार रात एवलांच (हिमस्खलन) की घटना सामने आई है। राहत की बात यह है कि अब तक इस हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली है, हालांकि कई होटलों को नुकसान पहुंचा है।

अधिकारियों के अनुसार यह एवलांच मंगलवार रात करीब 10:12 बजे मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले स्थित सोनमर्ग रिजॉर्ट क्षेत्र में आया। घटना की सूचना मिलते ही बचाव और राहत दलों को मौके पर रवाना कर दिया गया। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और एहतियातन आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर समेत अन्य पहाड़ी राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने पहले ही एवलांच अलर्ट जारी किया था। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जोखिम वाले इलाकों में न जाएं और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Related Articles

Back to top button