
gmedianews24.com/रायपुर। राजधानी रायपुर में इसी माह की 23 तारीख से पुलिस आयुक्त (कमिश्नरेट) प्रणाली लागू कर दी गई है। इस नई व्यवस्था के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और बिलासपुर जिले के पुलिस महानिरीक्षक रह चुके आईपीएस डॉ. संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। उनके अधीन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एडिशनल सीपी), पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के करीब एक दर्जन अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों ने पदभार ग्रहण करने के बाद विधिवत अपना कार्यभार संभाल लिया है।
इस बीच रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने कमिश्नरेट प्रणाली के तहत आने वाले थाना क्षेत्रों को लेकर एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। उन्होंने पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू होने से ठीक पहले जारी किए गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेशों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जारी आदेश के अनुसार, आरक्षक से निरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संबंध में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने से पूर्व जारी सभी स्थानांतरण आदेश स्थगित किए जाते हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि नवीन पदस्थापना पर रवानगी के लिए शेष अधिकारियों और कर्मचारियों को फिलहाल रवानगी नहीं दी जाएगी।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस फैसले से नई कमिश्नरेट व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करने और थाना क्षेत्रों में प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी। वहीं, आदेश के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और आगे की नई पदस्थापनाओं को लेकर विभागीय स्तर पर मंथन शुरू हो गया है।







