
gmedianews24.com/कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत वन्यजीव संरक्षण को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग की टीम ने ग्राम लीमपानी और बारीउमराव से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लीमपानी निवासी एक व्यक्ति द्वारा जंगली सुअर का शिकार किया गया है। सूचना मिलते ही विभाग द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पंचों की उपस्थिति में लीमपानी स्थित एक ग्रामीण के घर की तलाशी ली, जहां से करीब 5 किलोग्राम जंगली सुअर का कच्चा मांस, दो पुराने जबड़े और तीन पैर बरामद किए गए।
शिकार में प्रयुक्त हथियार जब्त
तलाशी के दौरान शिकार में उपयोग किए गए हथियार भी जब्त किए गए, जिनमें दो कुल्हाड़ी, एक परसुल, दो हंसिया, सेट्रिंग तार के चार बंडल और लकड़ी का एक गुटका शामिल है। बरामद सामग्री से यह स्पष्ट हुआ कि शिकार सुनियोजित तरीके से किया गया था।
फंदा लगाकर किया गया शिकार
पूछताछ के दौरान संदेही ने स्वीकार किया कि उसने पलमापहाड़ क्षेत्र में फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार किया था। फंदे में फंसने से सुअर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने गांव के तीन अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर मौके पर ही सुअर को काटा और मांस आपस में बांट लिया। कुछ मांस पकाकर खा भी लिया गया था।







