
gmedianews24.com/कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। टीबी वार्ड में भर्ती एक मरीज के भोजन में बाल और लकड़ी का तिनका मिलने से हड़कंप मच गया। खाना खाते समय मरीज का गला अटक गया, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी।
टीबी से पीड़ित है मरीज
जानकारी के अनुसार, बालको परसाभांठा निवासी 42 वर्षीय राम प्रसाद धीवर पिछले तीन वर्षों से टीबी की बीमारी से जूझ रहे हैं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें करीब तीन महीने पहले जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के टीबी कक्ष में भर्ती कराया गया था।
पत्नी की सूझबूझ से बची जान
मरीज की पत्नी राम कुमारी ने बताया कि शनिवार दोपहर अस्पताल की ओर से भोजन दिया गया था। जैसे ही राम प्रसाद ने खाना खाना शुरू किया, अचानक उनका गला अटक गया। स्थिति गंभीर होती देख पत्नी ने तुरंत खाना बाहर निकाला, जिसमें लंबे बाल और लकड़ी का तिनका मिला। इसके बाद ही मरीज को राहत मिली।







