
gmedianews24.com/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 18वें रोजगार मेले के तहत देशभर के युवाओं को 61 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। ये नियुक्तियां गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में की गई हैं। रोजगार मेले का आयोजन देश के 45 स्थानों पर एक साथ किया जाएगा।
सरकारी जानकारी के अनुसार पिछला रोजगार मेला 24 अक्टूबर 2025 को आयोजित किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोजगार मेले की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को की थी, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं को बड़े पैमाने पर सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराना है। अब तक इस पहल के जरिए 11 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिल चुका है।
17वें रोजगार मेले में पीएम का संदेश
पिछले साल अक्टूबर में आयोजित 17वें रोजगार मेले के दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि यह केवल सरकारी नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का अवसर है। उन्होंने कहा, “आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। हम युवाओं की क्षमता को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानते हैं और इसी आत्मविश्वास के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि भारत की विदेश नीति तक युवाओं के हितों पर केंद्रित है।
प्रतिभा सेतु पोर्टल का जिक्र
प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए प्रतिभा सेतु पोर्टल को भी एक अहम पहल बताया था। इस पोर्टल के माध्यम से यूपीएससी की अंतिम सूची तक पहुंचने वाले, लेकिन चयनित न हो पाने वाले उम्मीदवारों को निजी और सार्वजनिक संस्थानों में अवसर मिल सकेंगे। संस्थान इन युवाओं को इंटरव्यू के लिए बुलाकर उनकी प्रतिभा का उपयोग कर सकेंगे।
2022 से शुरू हुई थी पहल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले का पहला चरण शुरू करते हुए कहा था कि सरकार का लक्ष्य 2023 के अंत तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का है। नवंबर 2023 तक 11 रोजगार मेलों के माध्यम से 7 लाख से अधिक युवाओं को जॉइनिंग लेटर दिए जा चुके थे। वर्ष 2025 में यह आंकड़ा 11 लाख के पार पहुंच गया। वहीं लोकसभा चुनाव से पहले 12 फरवरी 2024 को आयोजित 12वें रोजगार मेले में रिकॉर्ड 1 लाख जॉब लेटर बांटे गए थे।







