
gmedianews24.com/वॉशिंगटन/तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार गहराता जा रहा है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ईरान के खिलाफ सैन्य विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। ट्रम्प ने ऐसे विकल्प तैयार करने को कहा है जिनका असर “निर्णायक” हो।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रक्षा मंत्रालय पेंटागन और व्हाइट हाउस ने संभावित सैन्य योजनाओं पर काम शुरू कर दिया है। इन योजनाओं में ईरान के मौजूदा शासन को सत्ता से हटाने तक के विकल्प शामिल बताए जा रहे हैं। इस बीच अमेरिकी सैन्य गतिविधियों में भी तेजी देखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार अमेरिकी जंगी बेड़ा USS अब्राहम लिंकन आज मिडिल ईस्ट पहुंच सकता है। इस घटनाक्रम के बाद आशंका जताई जा रही है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अचानक कोई सैन्य कार्रवाई कर सकता है। क्षेत्र में अमेरिकी नौसैनिक और वायुसेना की मौजूदगी बढ़ने से हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।
उधर, अमेरिकी गतिविधियों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए ईरानी सुप्रीम काउंसिल के जावेद अकबरी ने चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में अमेरिका के सभी सैन्य अड्डे ईरान के निशाने पर हैं। अकबरी ने बयान में कहा, “हमारी मिसाइलें आदेश का इंतजार कर रही हैं और दुश्मन पर गरजने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
दोनों देशों के आक्रामक बयानों और सैन्य तैयारियों के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात काबू से बाहर हुए तो इसका असर पूरे मिडिल ईस्ट की स्थिरता और वैश्विक राजनीति पर पड़ सकता है।







