[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

सरगुजा में शर्मनाक घटना: सरस्वती पूजा के दिन नशे में धुत शिक्षक स्कूल पहुंचा, वीडियो वायरल

gmedianews24.com/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बसंत पंचमी के दिन सरस्वती पूजा के अवसर पर एक सरकारी शिक्षक शराब के नशे में प्राथमिक स्कूल पहुंच गया। नशे में शिक्षक की हालत और उसके बहकी-बहकी जवाबों का वीडियो ग्रामीणों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह मामला लखनपुर विकासखंड अंतर्गत गुमगरा के जूनापारा प्राइमरी स्कूल का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार स्कूल में पदस्थ शिक्षक बुद्धेश्वर दास बसंत पंचमी के दिन शुक्रवार को आयोजित सरस्वती पूजा में नशे की हालत में पहुंचे थे। पूजा में मौजूद ग्रामीणों और अभिभावकों ने जब शिक्षक को असामान्य व्यवहार करते देखा, तो उससे शराब पीने को लेकर सवाल किया गया।

वीडियो में शिक्षक हाथ जोड़कर कहता नजर आ रहा है कि वह सरस्वती पूजा में आया है और सभी पूजा-पाठ में लगे हैं, इसलिए उसने भी पूजा में नारियल चढ़ा दिया। जब ग्रामीणों ने पूछा कि क्या-क्या पीया है, तो शिक्षक ने पहले शराब पीने से इनकार करते हुए कहा कि उसने मध्यान्ह भोजन में दाल-भात खाया है। नाम पूछने पर भी शिक्षक टालमटोल करता रहा और कभी मैनपाट के पहाड़गांव तो कभी गुमगरा खुर्द में पदस्थ होने की बात कहता दिखा।

ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक आदतन शराबी है और पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है। शिक्षक की हरकतों से आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्राम सभा बुलाकर उसे स्कूल से हटाने का प्रस्ताव पारित किया।

मामले की जानकारी मिलने के बाद लखनपुर बीईओ ने पूरे प्रकरण की जांच कर शिक्षक को निलंबित करने की सिफारिश करते हुए रिपोर्ट डीईओ सरगुजा को भेज दी है। शिक्षा विभाग के अधिकारी मामले को गंभीरता से लेने की बात कह रहे हैं।

फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने मांग की है कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था की गरिमा बनी रहे।

Related Articles

Back to top button