[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी भीषण आग, खिड़कियों से कूदकर बचे यात्री

gmedianews24.com/मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 110 के पास एक चलती बस में अचानक आग लग गई। नोएडा जा रही राज कल्पना (संस्कार ट्रैवल्स) की बस में भीषण आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी यात्री समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे और बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, UP90 AT 8837 नंबर की यह बस बांदा से आगरा होते हुए दिल्ली-नोएडा जा रही थी। गुरुवार सुबह करीब 5:15 बजे बस से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना के समय बस में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 10 से 15 यात्री सवार थे।

आग लगते ही चालक ने तुरंत बस को एक्सप्रेसवे पर रोक दिया। तेजी से फैलती आग के कारण यात्रियों में दहशत फैल गई और जान बचाने के लिए लोग दरवाजों और खिड़कियों से कूदकर बाहर निकलने लगे। कुछ यात्रियों को खिड़कियों से बाहर निकलना पड़ा, क्योंकि आग पूरी बस में फैल चुकी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस, यमुना एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

इस घटना के चलते यमुना एक्सप्रेसवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और वाहनों की कतारें कई किलोमीटर तक लग गईं। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई बस को हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Related Articles

Back to top button