
gmedianews24.com/कोरबा। शहर के प्रवेश द्वार सीतामढ़ी इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां कुछ लोगों ने एक बेगुनाह कुत्ते की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने खुलेआम कुत्ते को लाठियों और डंडों से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने इस अमानवीय कृत्य पर एतराज जताया, तो आरोपियों ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी।
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुत्ते के साथ की गई क्रूरता साफ देखी जा सकती है।
स्थानीय नागरिकों और पशु प्रेमियों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि समाज में बढ़ती संवेदनहीनता को भी दर्शाती हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। लोगों की मांग है कि दोषियों पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सख्त मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की जाए।







