
gmedianews24.com/कोरबा। जिले के मड़वारानी पहाड़ पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चढ़ाई के दौरान एक चलती ऑटो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। ऑटो में सवार यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
यह घटना उरगा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक अपने परिवार और अन्य यात्रियों को लेकर मड़वारानी पहाड़ की ओर जा रहा था। जैसे ही ऑटो पहाड़ी चढ़ाई पर पहुंची, अचानक डीजल पाइप फट गया, जिससे वाहन में आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में ऑटो से धुआं उठने लगा और आग की लपटें तेज हो गईं।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक सहित सभी यात्रियों ने तुरंत चलती ऑटो से कूदकर खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि ऑटो में आग लगने की सूचना पर पुलिस टीम को तत्काल भेजा गया था। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।







