gmedianews24.com/सहारनपुर | उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सरसावा क्षेत्र स्थित कौशिक विहार कॉलोनी में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान के अंदर एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद किए गए। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या (सुसाइड) का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मकान अंदर से बंद था और सभी शव घर के भीतर मिले। मृतकों के शरीर पर गोली के निशान पाए गए हैं। मौके से तीन तमंचे भी बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान अशोक, उनकी पत्नी अंजिता, मां विद्यावती और दो बेटे कार्तिक व देव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अशोक तहसील में अमीन (तहसील कर्मचारी) के पद पर कार्यरत थे। पूरे परिवार की इस तरह मौत से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
पुलिस के सामने यह मामला हत्या–आत्महत्या के एंगल से भी उलझा हुआ है। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







