[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

लातेहार में भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरी बस खाई में पलटी, 9 की मौत, 80 घायल

gmedianews24.com/लातेहार/रायपुर। छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा से सटे झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महुआडांड़ थाना क्षेत्र की ओरसा घाटी में बारातियों को लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर शव बिखरे नजर आए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से बारात लेकर झारखंड के महुआडांड़ क्षेत्र जा रही बस ओरसा बंगलादारा घाटी में उतरते समय ब्रेक फेल होने के कारण तेज रफ्तार में अनियंत्रित हो गई। बस पीडब्ल्यूडी के रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पेड़ से टकराई और करीब 20 फीट गहरी खाई में जा पलटी।

मौके पर 5 की मौत, इलाज के दौरान 4 और ने तोड़ा दम
लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें 4 महिलाएं शामिल हैं। वहीं इलाज के दौरान लातेहार अस्पताल में 2 लोगों और गुमला सदर अस्पताल में 2 अन्य घायलों की मौत हो गई। मृतक सभी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

घायलों का इलाज जारी
उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) विपिन कुमार दुबे ने बताया कि 60 घायलों को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जबकि 20 से अधिक घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। गंभीर रूप से घायल 32 लोगों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान
अब तक जिन मृतकों की पहचान हुई है, उनमें रेशांति देवी (35), प्रेमा देवी (37), सीता देवी (45), सोनमती देवी (55), सुखना भुइयां (40) और विजय भुइयां शामिल हैं। लातेहार अस्पताल में दम तोड़ने वाली एक महिला की पहचान की जा रही है।

87 लोग थे बस में सवार
बताया जा रहा है कि बलरामपुर जिले के 87 लोग ज्ञान गंगा स्कूल की बस में सवार होकर झारखंड के लोध गांव में आयोजित सगाई कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

मुख्यमंत्रियों ने जताया शोक, दिए इलाज के निर्देश
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लातेहार के उपायुक्त को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को उचित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button