
gmedianews24.com/रायपुर। राजधानी रायपुर में मोबाइल चोरी के बाद डिजिटल ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत समता कॉलोनी निवासी एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि ग्वालरे के मोबाइल की चोरी कर अज्ञात आरोपी ने यूपीआई के जरिए उनके बैंक खाते से 2 लाख 26 हजार 562 रुपये निकाल लिए।
जानकारी के अनुसार डॉ. निधि ग्वालरे वर्तमान में नया रायपुर स्थित संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं भवन में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। वे 13 जनवरी को समता एक्सप्रेस से दिल्ली से रायपुर पहुंचीं। सुबह करीब साढ़े पांच बजे रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद ऑटो से अपने निवास समता कॉलोनी गईं।
घर पहुंचने के बाद सुबह करीब सात बजे जब उन्होंने अपने पिट्ठू बैग की साइड पॉकेट जांची तो मोबाइल फोन गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल आजाद चौक थाने में मोबाइल गुम होने की सूचना दी और संबंधित सिम को बंद कराया। बाद में नया मोबाइल लेकर उसी नंबर का सिम दोबारा चालू कराया गया।
इसी बीच 16 जनवरी को उनके मोबाइल पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से खाते से पांच हजार रुपये डेबिट होने का मैसेज आया। संदेह होने पर डॉ. निधि कचहरी स्थित एसबीआई शाखा पहुंचीं और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। स्टेटमेंट की जांच में खुलासा हुआ कि 13 से 16 जनवरी के बीच अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में उनके खाते से कुल 2,26,562 रुपये निकाल लिए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही डिजिटल लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तुरंत बैंक और संबंधित एप्स को ब्लॉक कराएं, ताकि इस तरह की डिजिटल ठगी से बचा जा सके।






