
gmedianews24.com/बीजापुर। जिले से एक बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है। सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। शनिवार सुबह से जारी मुठभेड़ में जवानों ने नक्सली संगठन के DVCM (डिविजनल कमेटी मेंबर) दिलीप बेड़जा को मार गिराया है। मुठभेड़ के दौरान अभी भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुककर गोलीबारी जारी रहने की सूचना है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मुठभेड़ में दिलीप बेड़जा के अलावा कई अन्य नक्सलियों के मारे जाने या जंगल में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान को और तेज कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त अभियान बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड (DRG), स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और कोबरा बटालियन के जवानों द्वारा चलाया जा रहा है। खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की मौजूदगी वाले क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था, इसी दौरान नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हुई।
सुरक्षाबलों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इस कार्रवाई को नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षाबलों की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।







