
gmedianews24.com/रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े हुई उठाईगिरी की दो बड़ी वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महज 20 मिनट के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कारोबारियों की कार का कांच तोड़कर 13 लाख रुपए नकद समेत लाखों का सामान पार करने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ही मामलों में पीड़ित व्यापारियों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा।
पहला मामला गंज थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपियों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 10 लाख रुपए नकद सहित महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी की। दूसरा मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है, जहां इसी तरह कार का कांच तोड़कर 3 लाख रुपए की उठाईगिरी की गई थी।
गंज थाना क्षेत्र के स्वर्णभूमि परिसर, विधानसभा इलाके के निवासी कारोबारी प्रवेश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि वे फ्लेक्स बनाने का व्यवसाय करते हैं। 12 जनवरी को वे अपनी कार क्रमांक CG 04-PE-9909 से शाम करीब 4 बजे रायपुर कोर्ट जाने के लिए घर से निकले थे। उनके साथ जीजा प्रखर जिंदल भी मौजूद थे। कोर्ट और अन्य स्थानों पर काम निपटाने के बाद वे एक डायग्नोस्टिक क्लिनिक में डॉक्टर से मिलने गए। शाम करीब 6:20 बजे बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि कार का कांच टूटा हुआ है।
जब कार के भीतर रखे सामान की जांच की गई तो 10 लाख रुपए नकद, एक एप्पल लैपटॉप, सैमसंग टैब, एक्सटर्नल हार्ड डिस्क और स्लिंग बैग में रखे पांच डेबिट व क्रेडिट कार्ड गायब मिले। इसी तरह देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में भी एक अन्य व्यापारी की कार से 3 लाख रुपए की चोरी की गई थी।
दोनों मामलों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों से चोरी गया सामान और नकदी बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने शहर के कारोबारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे वाहनों में नकदी या कीमती सामान छोड़कर न जाएं और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।







