[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

देश को मिली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, पीएम मोदी ने मालदा टाउन से दिखाई हरी झंडी

gmedianews24.com/मालदा/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक पहल के साथ ही भारतीय रेलवे ने लंबी दूरी की तेज, आरामदायक और आधुनिक रेल यात्रा की दिशा में एक नया अध्याय शुरू कर दिया है।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पश्चिम बंगाल के हावड़ा से असम के गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलेगी। यह ट्रेन 958 किलोमीटर की दूरी मात्र 14 घंटे में तय करेगी। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है, जिससे पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल के बीच रेल संपर्क और भी सुदृढ़ होगा।

इस अत्याधुनिक स्लीपर ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 1128 यात्रियों की है। ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 11 एसी-3 टियर कोच, चार एसी-2 टियर कोच और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल है। यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए कोचों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

किराए की बात करें तो वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के एसी-3 टियर का किराया ₹2,300, एसी-2 टियर का ₹3,000 और फर्स्ट एसी का किराया करीब ₹3,600 तय किया गया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह किराया सुविधाओं और समय की बचत को देखते हुए यात्रियों के लिए किफायती माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन देश के रेलवे नेटवर्क को और आधुनिक बनाएगी तथा यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करेगी। उन्होंने इसे ‘नए भारत की नई रेल’ बताते हुए कहा कि इससे पूर्वोत्तर राज्यों के विकास को भी नई गति मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन से न केवल यात्रा समय कम होगा, बल्कि पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button