
gmedianews24.com/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में युवती के अपहरण की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया था, लेकिन पुलिस की त्वरित और मुस्तैद कार्रवाई से कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा हो गया। जांच में सामने आया कि यह अपहरण किसी अजनबी ने नहीं, बल्कि युवती के प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। मामला पूरी तरह प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ निकला।
जानकारी के अनुसार, युवती और आरोपी के बीच पहले दोस्ती थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों कुछ समय तक साथ भी रहे। बाद में युवती आरोपी से अलग होकर अपने घर लौट आई। इसी बात से नाराज होकर आरोपी प्रेमी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर युवती का जबरन अपहरण कर लिया।
जबरन कार में बैठाकर ले जा रहे थे आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर थाना गांधीनगर और मनेन्द्रगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई की। अपहरण की सूचना मिलते ही जिले की सीमाओं पर सख्त नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि युवती को जबरन स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर ले जाया गया है।
साइबर सेल की मदद से वाहन की लोकेशन ट्रेस की गई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार का नंबर प्राप्त किया गया। लगातार ट्रेसिंग और नाकेबंदी के बाद मनेन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र में संदिग्ध कार को रोक लिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने अपहृत युवती को कार से सकुशल बरामद कर लिया।
शादी से इनकार पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने महिला अधिकारी के समक्ष दिए बयान में बताया कि आरोपी रामप्रसाद तंवर और उसके तीन साथी उसे जबरन कार में बैठाकर ले जा रहे थे। उसने शादी से इनकार किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस की सतर्कता से बची युवती
एसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि थाना गांधीनगर में सूचना मिली थी कि चार लोग एक युवती को कार में जबरन ले गए हैं। सूचना मिलते ही अपराध दर्ज कर पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान एक मोबाइल नंबर मिला, जिसके आधार पर तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रेसिंग के जरिए गाड़ी की पहचान की गई। इसके बाद सरगुजा रेंज के सभी थानों और सूरजपुर सहित अन्य क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया।
एसपी ने बताया कि अंततः मनेन्द्रगढ़ पुलिस के सहयोग से वाहन को पकड़ लिया गया और चारों अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की तत्परता से युवती को सुरक्षित बचा लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







