
gmedianews24.com/रायपुर। छत्तीसगढ़ में मकर संक्रांति के बाद एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौटने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने के आसार हैं।
फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में निचले स्तर पर नमी युक्त हवा का प्रवेश हो रहा है। इसी कारण तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और अगले तीन दिनों तक इसका असर बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि नमी आने से पारा ऊपर की ओर खिसक रहा है, हालांकि ठंड का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, क्योंकि नमी से पहले न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच चुका था।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं सरगुजा संभाग में ठंड का असर अब भी बरकरार है। रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में तापमान फिलहाल सामान्य स्थिति में बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री तक बढ़ सकता है। अगले 24 घंटों में भी तापमान में थोड़ी वृद्धि के आसार हैं और यह प्रक्रिया 15 जनवरी तक जारी रह सकती है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ेगा, जिससे तापमान में गिरावट शुरू होगी और ठंड एक बार फिर तेज हो जाएगी।
रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात रायपुर का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है।







