
gmedianews24.com/बिलासपुर। रेल मंडल बिलासपुर के अंतर्गत खरसिया से रॉबर्टसन स्टेशन के बीच स्थित समपार फाटक भेलवाडीह में गर्डर लांचिंग तथा चक्रधरनगर और कोतरलिया सेक्शन के बीच स्थित रेलवे ब्रिज पर गर्डर डी-लांचिंग का कार्य किया जाना है। इस कार्य के लिए ट्रैफिक सह पावर ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने और गुजरने वाली कई यात्री गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस तकनीकी कार्य के कारण 15 और 17 जनवरी को रायगढ़ से चलने वाली 68737 रायगढ़–बिलासपुर मेमू पैसेंजर तथा 68735 रायगढ़–बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेंगी। वहीं, 15 और 17 जनवरी को बिलासपुर से रवाना होने वाली 68738 बिलासपुर–रायगढ़ मेमू पैसेंजर भी रद्द की जाएगी। इसके अलावा 14 और 16 जनवरी को बिलासपुर से चलने वाली 68736 बिलासपुर–रायगढ़ मेमू पैसेंजर का संचालन भी नहीं होगा।
इसके साथ ही 15 और 17 जनवरी को गोंदिया से चलने वाली 68861 गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर को बिलासपुर स्टेशन में समाप्त किया जाएगा। इसके बाद बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी। वहीं, झारसुगुड़ा से रवाना होने वाली 68862 झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू पैसेंजर को बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ किया जाएगा और झारसुगुड़ा से बिलासपुर के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।







