[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार की हाइवा से टक्कर, युवक-युवती की मौत

gmedianews24.com/बिलासपुर। जिले में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। सरकंडा थाना क्षेत्र के नूतन चौक के पास गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना से जुड़ा लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांजगीर जिले के रहने वाले चार दोस्त टाटा नेक्सॉन कार में सवार होकर शराब पार्टी के बाद घूमने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी कार नूतन चौक के पास पहुंची, तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। बताया जा रहा है कि ब्रेक लगाते समय कार का पिछला चक्का फिसल गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी ओर चला गया और सामने से आ रहे मुरुम लोड हाइवा से टकरा गया।

हाइवा से टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार युवती समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान हिमांशु राठौर और अंशु चंद्रा के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार अन्य दो युवकों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और शराब सेवन को माना जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस ने एक बार फिर लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और शराब पीकर ड्राइविंग न करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button