
gmedianews24.com/नई दिल्ली। वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का 49 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बताया गया है कि अग्निवेश अमेरिका में स्कीइंग के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के अनुसार, 7 जनवरी 2026 को इलाज के दौरान ही उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनका निधन हो गया। इस दुखद घटना की जानकारी अनिल अग्रवाल ने बुधवार रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी।
अपने भावुक संदेश में अनिल अग्रवाल ने लिखा, “हमें लगा था कि बुरा वक्त बीत चुका है, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।” उन्होंने बेटे के निधन को अपने जीवन का सबसे अंधकारमय दिन बताया।
अनिल अग्रवाल ने कहा कि वे अपने बेटे से किए गए वादे को निभाएंगे और अपनी निजी कमाई का 75 प्रतिशत हिस्सा समाजसेवा और दान के कार्यों में समर्पित करेंगे। अग्निवेश अग्रवाल वेदांता समूह से जुड़े थे और सामाजिक कार्यों में भी रुचि रखते थे।
अग्निवेश अग्रवाल के निधन से उद्योग जगत और वेदांता परिवार में शोक की लहर है। कई उद्योगपतियों और सामाजिक हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।




