[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

रायपुर–बिलासपुर हाईवे पर चलती कार में लगी आग, 4 लोगों ने कूदकर बचाई जान, वाहन जलकर खाक

gmedianews24.com/रायपुर। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में इन दिनों वाहनों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में एक और बड़ा हादसा रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे में कार सवार चार लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार यह भीषण घटना बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र अंतर्गत दरचुरा गांव के पास हुई। कार रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी, तभी अचानक वाहन के इंजन हिस्से से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। आग लगते ही कार में सवार लोग तुरंत बाहर कूद गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने अपने मोबाइल से आग की भयावह तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर राख हो गई।

सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में राजधानी रायपुर समेत अन्य जिलों में भी चलती गाड़ियों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे वाहन चालकों में दहशत का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से समय-समय पर वाहनों की जांच कराने और किसी भी तकनीकी खराबी को नजरअंदाज न करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button