[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

CFR की चेतावनी: 2026 में भारत-पाकिस्तान के बीच फिर युद्ध की आशंका, कश्मीर में बढ़ती आतंकी गतिविधियां बनीं कारण

gmedianews24.com/नई दिल्ली। अमेरिका के बड़े थिंक टैंक काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस (CFR) ने भारत और पाकिस्तान को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। CFR की ताजा रिपोर्ट ‘कॉन्फ्लिक्ट्स टू वॉच इन 2026’ में कहा गया है कि वर्ष 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर युद्ध जैसी स्थिति बन सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में बढ़ती आतंकी गतिविधियों के चलते दोनों देशों के बीच टकराव की आशंका गहराती जा रही है।

अमेरिकी हितों पर भी पड़ सकता है असर
CFR की रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष होता है, तो इसका असर सिर्फ दक्षिण एशिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अमेरिका के रणनीतिक और कूटनीतिक हित भी प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि फिलहाल जम्मू-कश्मीर में कोई बड़ा आतंकी हमला सामने नहीं आया है, लेकिन खुफिया एजेंसियों के आकलन के अनुसार इस सर्दी के मौसम में जम्मू क्षेत्र में 30 से अधिक पाकिस्तानी आतंकी सक्रिय बताए जा रहे हैं।

संघर्ष विराम के बाद बढ़ी हथियारों की खरीद
10 मई को भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष विराम के बाद दोनों देशों ने अपनी सैन्य तैयारियों को तेज कर दिया है। भारत में रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने हाल ही में करीब 79 हजार करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी दी है। इन सौदों में अत्याधुनिक ड्रोन, एयर-टू-एयर मिसाइलें और गाइडेड बम शामिल हैं, जिससे भारतीय सेना की ताकत और बढ़ेगी।

पाकिस्तान भी कर रहा सैन्य तैयारी
वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान भी अपनी सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने में जुट गया है। पाकिस्तान ने तुर्किये और चीन से नए ड्रोन और एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने के लिए बातचीत शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि यह कदम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सामने आई सैन्य कमजोरियों को दूर करने के लिए उठाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button