
gmedianews24.com/नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला क्रिकेटर्स के लिए बड़ा फैसला लेते हुए घरेलू मैच फीस में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक अब महिला खिलाड़ियों को फर्स्ट क्लास और वनडे मैच के लिए 50 हजार रुपए और टी-20 मैच के लिए 25 हजार रुपए मिलेंगे। खास बात यह है कि घरेलू क्रिकेट में अब महिला और पुरुष खिलाड़ियों को बराबर मैच फीस दी जाएगी।
BCCI पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैचों में महिला क्रिकेटर्स की फीस पुरुषों के बराबर कर चुका है। अब यह समानता घरेलू क्रिकेट में भी लागू कर दी गई है।
22 दिसंबर को हुई बैठक में फैसला
BCCI ने 22 दिसंबर को हुई ऑनलाइन बैठक में महिला खिलाड़ियों की मैच फीस बढ़ाने पर मुहर लगाई। नए फैसले के तहत—
-
वनडे और फर्स्ट क्लास मैच
-
प्लेइंग-11 में शामिल खिलाड़ी: 50,000 रुपए
-
बेंच पर बैठने वाली खिलाड़ी: 25,000 रुपए
-
-
टी-20 मैच
-
प्लेइंग-11 में शामिल खिलाड़ी: 25,000 रुपए
-
बेंच पर बैठने वाली खिलाड़ी: 12,500 रुपए
-
इससे पहले टी-20, वनडे और फर्स्ट क्लास मैचों में प्लेइंग-11 का हिस्सा बनने पर महिला खिलाड़ियों को 20,000 रुपए, जबकि बेंच पर बैठने वाली खिलाड़ियों को 10,000 रुपए ही मिलते थे।
जूनियर महिला खिलाड़ियों की फीस में भी इजाफा
BCCI ने स्टेट और जोनल टीमों से खेलने वाली जूनियर महिला खिलाड़ियों की मैच फीस भी बढ़ा दी है—
-
वनडे और फर्स्ट क्लास
-
प्लेइंग-11: 25,000 रुपए
-
बेंच प्लेयर्स: 12,500 रुपए
-
-
टी-20 मैच
-
प्लेइंग-11: 12,500 रुपए
-
एक्स्ट्रा प्लेयर्स: 6,250 रुपए
-
सीजनल कमाई में बड़ा इजाफा
BCCI के अनुसार पहले सीनियर महिला खिलाड़ी को एक घरेलू सीजन के लीग स्टेज खेलने पर करीब 2 लाख रुपए मिलते थे। नए ढांचे के तहत अब खिलाड़ी सिर्फ 4 वनडे मैच खेलकर ही 2 लाख रुपए कमा सकेंगी।
एक पूरे सीजन में अब महिला क्रिकेटर्स की कमाई 5 से 7 लाख रुपए तक पहुंच सकती है। मैचों की संख्या बढ़ने के साथ खिलाड़ियों की आय में और इजाफा होगा।







