
gmedianews24.com/नई दिल्ली/बर्लिन। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर भारतीय संविधान की मूल भावना को कमजोर करने और खत्म करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी उस विचारधारा को समाप्त करना चाहती है, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार देती है।
राहुल गांधी 17 से 19 दिसंबर के बीच जर्मनी दौरे पर थे। इस दौरान 18 दिसंबर को उन्होंने बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में छात्रों को संबोधित किया। कांग्रेस पार्टी ने सोमवार रात इस बातचीत का करीब एक घंटे का वीडियो जारी किया है, जिसमें राहुल गांधी ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर कई तीखे सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने कहा,
“बीजेपी राज्यों की समानता, भाषाओं की समानता और धर्मों की समानता के विचार को खत्म करने की बात कर रही है। देश की संस्थाओं पर भी बीजेपी ने पूरा कब्जा कर लिया है।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रही हैं। राहुल ने कहा कि CBI और ED जैसी जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है।
“एजेंसियां सिर्फ विपक्षी नेताओं पर केस दर्ज कर रही हैं, जबकि बीजेपी नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती। हम सिर्फ बीजेपी से नहीं लड़ रहे, बल्कि भारतीय संस्थागत ढांचे पर उनके कब्जे के खिलाफ भी लड़ रहे हैं,” राहुल ने कहा।
राहुल गांधी की 6 बड़ी बातें
राहुल गांधी ने बातचीत के दौरान चुनाव, वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था को लेकर भी अपनी राय रखी—
-
“हमने तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के चुनाव जीते हैं। हरियाणा का चुनाव भी हमने जीता, इसमें कोई शक नहीं है।”
-
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में एक ब्राजील की महिला का नाम होने का मामला उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाया था, लेकिन चुनाव आयोग ने सवालों का जवाब नहीं दिया।
-
राहुल ने कहा कि उन्हें लगता है कि महाराष्ट्र के चुनाव भी निष्पक्ष नहीं थे।
-
वैश्विक राजनीति पर बोलते हुए राहुल ने कहा कि दुनिया बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है और अमेरिका के प्रभुत्व वाली व्यवस्था अब चुनौतियों का सामना कर रही है।
-
उन्होंने कहा कि उत्पादन और मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा हिस्सा चीन के पास चला गया है, जिससे भारत, अमेरिका और जर्मनी जैसे देश केवल सर्विस सेक्टर के भरोसे बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा नहीं कर सकते।
-
राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि रोजगार सृजन के लिए मैन्युफैक्चरिंग और उत्पादन बेहद जरूरी हैं।







