
.gmedianews24.com/कुरुक्षेत्र। अमेरिका जाने के लिए अपनाए जाने वाले अवैध डंकी रूट की खौफनाक हकीकत सामने आई है। अमेरिका से डिपोर्ट हुए हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी युवक द्वारा बनाए गए 13 वीडियो सामने आए हैं, जिनमें अवैध प्रवासियों की अमानवीय यात्रा और तस्करों की क्रूरता साफ दिखाई दे रही है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में युवक-युवतियां घने जंगलों से पैदल गुजरते नजर आ रहे हैं। कई के पैरों में छाले, शरीर पर कीड़े रेंगते दिख रहे हैं। थकान से चूर युवा सड़कों के किनारे जमीन पर लेटकर रात गुजारने को मजबूर हैं।
कंटेनर में ठूंस दिए गए 40-50 लोग
वीडियो में एक कंटेनर भी दिख रहा है, जिसमें 40 से 50 लोगों को ठूंसकर रखा गया था। सभी को घंटों उकड़ू बैठना पड़ता था, जहां सांस लेना तक मुश्किल हो जाता था। कुछ क्लिप्स में डोंकरों की मिनी बसों में भरे अवैध प्रवासी, तो कहीं उफनती नदी के बीच छोटी नाव में जान जोखिम में डालकर लोगों को पार कराते हुए दिखाया गया है।
कुछ वीडियो में महिलाएं और छोटे बच्चे भी नजर आ रहे हैं, जो इस खतरनाक सफर का हिस्सा थे।
चेहरों पर थकान, फिर भी जोश दिखाते युवा
हालांकि वीडियो में सुनहरे सपनों के साथ आगे बढ़ रहे युवा एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते और जोश दिखाते नजर आते हैं, लेकिन चेहरों की थकान और आंखों के नीचे गहरे काले घेरे साफ बता रहे हैं कि उन्होंने इस दौरान क्या-क्या सहा। यह पूरा सफर 168 दिनों में तय हुआ।
50 लाख लेकर एजेंट ने ठगा, डिपोर्ट होने के बाद खुली पोल
पीड़ित युवक ने अमेरिका पहुंचने के लिए एजेंट को 50 लाख रुपए दिए थे। वह किसी तरह अमेरिका में दाखिल तो हो गया, लेकिन कुछ ही समय बाद उसे डिपोर्ट कर दिया गया। भारत लौटने के बाद युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर रुपए लेने वाले एजेंट के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।







