[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

CAF कैंप के भीतर सनसनीखेज वारदात, जवान की गोली मारकर हत्या

gmedianews24.com/खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में स्थित घाघरा गांव के CAF (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल) बटालियन कैंप में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कैंप में ही पदस्थ एक जवान ने अपने ही साथी जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक जवान गहरी नींद में सो रहा था, तभी आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान सोनवीर जाट के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का निवासी था। वह खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित CAF बटालियन में पदस्थ था। उसी कैंप में तैनात अरविंद गौतम (आरोपी) से उसकी किसी बात को लेकर लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी।

बताया जा रहा है कि बीती रात सोनवीर कैंप में आकर सो गया था। जैसे ही वह गहरी नींद में गया, आरोपी अरविंद गौतम ने मौका पाकर उस पर गोली चला दी, जिससे मौके पर ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज से कैंप में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद कैंप में मौजूद अन्य जवानों ने घायल सोनवीर को सोमवार तड़के खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव का मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी और वारदात में इस्तेमाल हथियार कैसे आरोपी के हाथ लगा। इस घटना से CAF कैंप में सुरक्षा व्यवस्था और आपसी तनाव को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button