[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

बांग्लादेश में उस्मान हादी की मौत के बाद हिंसा, भारत सीमा तक मार्च, राष्ट्रीय शोक का ऐलान

gmedianews24.com/ढाका/बेनापोल। बांग्लादेश में शेख हसीना की विरोधी राजनीति से जुड़े नेता उस्मान हादी की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। शुक्रवार को इंकलाब मंच और जमात से जुड़े कट्टरपंथियों ने हादी की मौत के विरोध में बेनापोल से भारत-बांग्लादेश सीमा तक मार्च निकाला। उस्मान हादी इस्लामी संगठन इंकलाब मंच के प्रवक्ता थे और हालिया चुनाव में ढाका से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे थे।

हादी का शव शुक्रवार शाम सिंगापुर से ढाका लाया गया। मौजूदा यूनुस सरकार ने शनिवार को राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि अगस्त 2024 के छात्र आंदोलन के बाद इंकलाब मंच एक प्रभावशाली संगठन के रूप में उभरा था, जिसने तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग सरकार को सत्ता से बाहर करने में अहम भूमिका निभाई थी।

ढाका में फिर भड़की हिंसा

उस्मान हादी की मौत की खबर के बाद राजधानी ढाका में हालात बिगड़ गए। आंदोलनकारियों ने दो प्रमुख मीडिया हाउस, अवामी लीग के कार्यालय को आग के हवाले कर दिया। कट्टरपंथियों ने उदिची संस्था के कार्यालय में भी आगजनी की। यह संस्था कट्टरपंथ के खिलाफ काम करती है। इसके अलावा, तोपखाना रोड स्थित शिल्पी गोष्ठी सांस्कृतिक केंद्र का घेराव कर जमकर नारेबाजी की गई।

संभावित सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए ढाका के प्रतिष्ठित ढाकेश्वरी मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या का आरोप

ढाका के नजदीक भालुका इलाके में धर्म का अपमान करने के आरोप में एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान दीपू चंद्र दास के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, युवक के शव को नग्न कर पेड़ से लटकाया गया और आग लगा दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ ‘अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे लगाती नजर आ रही है। आरोप है कि घटना के बाद काफी देर तक मौके पर पुलिस या सेना नहीं पहुंची।

12 दिसंबर को मारी गई थी गोली

बताया जा रहा है कि 12 दिसंबर को राजधानी ढाका में उस्मान हादी को बाइक सवार हमलावर ने उस समय गोली मार दी थी, जब वह रिक्शे पर सवार थे। गंभीर हालत में उन्हें ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में इलाज के लिए सिंगापुर रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

हादी की हत्या के मुख्य आरोपी फैसल करीम के भारत भागने का दावा किया जा रहा है। बांग्लादेशी सुरक्षाबलों के अनुसार, हत्या से एक दिन पहले फैसल करीम अपनी गर्लफ्रेंड के साथ एक रिजॉर्ट गया था और उसने कहा था कि “कल कुछ ऐसा होगा, जिससे बांग्लादेश हिल जाएगा।”

Related Articles

Back to top button