
gmedianews24.com/वॉशिंगटन। कुख्यात जेफ्री एपस्टीन सेक्स स्कैंडल से जुड़ी 68 नई तस्वीरें सामने आने के बाद अमेरिका की सियासत और अंतरराष्ट्रीय हलकों में हलचल मच गई है। इन तस्वीरों को गुरुवार देर रात अमेरिकी संसद की हाउस ओवरसाइट कमेटी के डेमोक्रेट सांसदों ने सार्वजनिक किया है। तस्वीरों में कई जाने-माने और प्रभावशाली लोग नजर आ रहे हैं, जिनमें माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स, मशहूर लेखक और दार्शनिक नोम चॉम्स्की, डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व सलाहकार स्टीव बैनन और गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन शामिल हैं।
हालांकि, कमेटी की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन तस्वीरों में किसी व्यक्ति की मौजूदगी का मतलब यह नहीं है कि वह किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल था। असल सच्चाई का खुलासा एपस्टीन से जुड़ी फाइलों के सार्वजनिक होने के बाद ही हो सकेगा।
बिल गेट्स और सर्गेई ब्रिन की तस्वीरें चर्चा में
जारी की गई तस्वीरों में से दो तस्वीरों में अरबपति बिल गेट्स महिलाओं के साथ नजर आ रहे हैं। यह साफ नहीं है कि दोनों तस्वीरों में दिख रही महिलाएं एक ही हैं या अलग-अलग। उल्लेखनीय है कि बिल गेट्स पहले ही सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार कर चुके हैं कि एपस्टीन के साथ समय बिताना उनकी “बड़ी गलती” थी। वहीं, गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन भी एक तस्वीर में एपस्टीन के साथ दिखाई दे रहे हैं।
नोम चॉम्स्की के साथ प्लेन में दिखा एपस्टीन
नई तस्वीरों में एपस्टीन को प्रसिद्ध भाषाविद् और दार्शनिक नोम चॉम्स्की के साथ एक विमान में बैठे हुए देखा गया है। 97 वर्षीय चॉम्स्की का नाम पहले भी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में सामने आ चुका है। उन्होंने पहले कहा था कि एपस्टीन ने उनके खातों के बीच पैसों के ट्रांसफर में मदद की थी, हालांकि उस धन में एपस्टीन का पैसा शामिल नहीं था। चॉम्स्की ने स्पष्ट किया कि वे एपस्टीन को जानते थे और कभी-कभार उनसे मुलाकात होती थी, लेकिन इन तस्वीरों से किसी तरह के गलत काम का आरोप सिद्ध नहीं होता।
स्टीव बैनन की कई तस्वीरें भी आईं सामने
एपस्टीन फाइल्स की ताजा रिलीज में डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व सलाहकार स्टीव बैनन की भी कई तस्वीरें सामने आई हैं। तस्वीरों का बैकग्राउंड और कपड़े बताते हैं कि ये उसी समय की हैं, जिनकी कुछ तस्वीरें पहले 12 दिसंबर को जारी की गई थीं। हालांकि, इन तस्वीरों को लेकर भी यही कहा गया है कि केवल फोटो में दिखना किसी अपराध का प्रमाण नहीं है।
महिला के शरीर पर लिखे ‘लोलिटा’ के अंश
इस फोटो बैच में कुछ बेहद चौंकाने वाली तस्वीरें भी शामिल हैं। कई तस्वीरों में एक महिला के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर लेखक व्लादिमीर नाबोकोव के उपन्यास ‘लोलिटा’ के अंश लिखे हुए नजर आ रहे हैं। एक धुंधली तस्वीर में महिला के सीने पर उपन्यास की शुरुआती पंक्तियां लिखी दिखती हैं, जबकि एक अन्य फोटो में महिला के पैर पर किताब का हिस्सा लिखा है और बैकग्राउंड में ‘लोलिटा’ की प्रति रखी हुई है। संभावित पीड़ितों की सुरक्षा के लिए इन तस्वीरों में चेहरों को ब्लर कर दिया गया है





