
gmedianews24.com/नई दिल्ली। बांग्लादेश में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं और चरमपंथी तत्वों की धमकियों के बीच भारत ने बुधवार को ढाका स्थित भारतीय वीज़ा एप्लीकेशन सेंटर (IVAC) को बंद करने का फैसला किया है। ढाका के जमुना फ्यूचर पार्क में स्थित यह केंद्र दोपहर 2 बजे मौजूदा सुरक्षा स्थिति का हवाला देते हुए बंद कर दिया गया।
IVAC की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बुधवार के लिए जिन आवेदकों की अपॉइंटमेंट तय थी, उन्हें बाद की तारीख के लिए री-शेड्यूल किया जाएगा। केंद्र के अस्थायी रूप से बंद होने से वीज़ा सेवाओं पर असर पड़ा है।
इससे पहले, विदेश मंत्रालय (MEA) ने नई दिल्ली में भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त एम. रियाज़ हमीदुल्ला को तलब किया और बांग्लादेश में बिगड़ते सुरक्षा माहौल को लेकर भारत की गंभीर चिंता से अवगत कराया। MEA ने कहा कि कुछ चरमपंथी तत्वों द्वारा ढाका में भारतीय मिशन के आसपास सुरक्षा स्थिति बिगाड़ने की योजना की घोषणाएं की गई हैं, जो अत्यंत चिंताजनक हैं।
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत अंतरिम सरकार से अपने राजनयिक दायित्वों के अनुरूप भारतीय मिशनों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपेक्षा करता है। MEA ने यह भी कहा कि बांग्लादेश में हाल की कुछ घटनाओं को लेकर चरमपंथी तत्वों द्वारा फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव को भारत सिरे से खारिज करता है। मंत्रालय के अनुसार, अंतरिम सरकार ने न तो घटनाओं की पूरी जांच की है और न ही भारत के साथ कोई ठोस साक्ष्य साझा किए हैं।





