[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

प्रधानमंत्री मोदी ओमान पहुंचे, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर होगी अहम बातचीत

gmedianews24.com/मस्कट/ओमान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इथियोपिया के बाद दो दिवसीय दौरे पर ओमान पहुंच गए हैं। वह 17 और 18 दिसंबर को ओमान की राजधानी मस्कट में रहेंगे। यह उनकी तीन देशों की यात्रा का तीसरा और अंतिम चरण है। मस्कट एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का औपचारिक स्वागत किया गया।

ओमान पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद से मुलाकात की। यह दौरा भारत और ओमान के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रहा है, जिसे दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी 18 दिसंबर को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान भारत और ओमान के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस समझौते को दोनों देशों के आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला कदम माना जा रहा है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एफटीए पर साइन होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस करार से भारत के टेक्सटाइल, फुटवियर, ऑटोमोबाइल, जेम्स एंड ज्वैलरी, रिन्यूएबल एनर्जी और ऑटो कंपोनेंट्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे भारतीय उत्पादों की ओमान के बाजार में पहुंच आसान होगी और निवेश के नए अवसर खुलेंगे।

भारत और ओमान के बीच व्यापारिक रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। भारत, ओमान के कच्चे तेल का चौथा सबसे बड़ा खरीदार है, जबकि गैर-तेल उत्पादों के मामले में ओमान के लिए भारत तीसरा सबसे बड़ा बाजार है। भारत से ओमान को चावल, मशीनरी, जहाज, विमान के पुर्जे, एल्यूमीनियम उत्पाद, खाद्य सामग्री, फल-सब्जियां, मसाले, चाय-कॉफी और मांस का निर्यात होता है।

Related Articles

Back to top button