[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

कांकेर में धर्मांतरण को लेकर बवाल, शव दफनाने पर दो पक्षों में झड़प, पुलिसकर्मी समेत कई घायल

gmedianews24.com/कांकेर। जिले में धर्मांतरण को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। धर्मांतरित व्यक्ति के शव को गांव में दफनाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बुधवार को दो पक्ष आपस में भिड़ गए। झूमाझटकी के दौरान कई ग्रामीणों के साथ कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

शव दफनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़े तेवड़ा गांव का है। गांव के सरपंच रजमन सलाम के पिता चमराराम सलाम की रविवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सरपंच ने अपने पिता का कफन-दफन गांव में ही कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया और मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया।

पुलिस-प्रशासन की कोशिशें रहीं नाकाम
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया गया। हालांकि देर शाम तक कोई समाधान नहीं निकल सका, जिसके बाद ग्रामीण अपने-अपने घर लौट गए।

बुधवार को और बिगड़े हालात
बुधवार को मामला और गंभीर हो गया। ग्रामीण धर्मांतरित व्यक्ति के शव को कब्र से बाहर निकालने की मांग पर अड़ गए। कुछ लोगों ने शव निकालने की कोशिश भी की, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसी दौरान दोनों पक्षों में झूमाझटकी हो गई।

झड़प में ग्रामीण और पुलिसकर्मी घायल
विवाद के दौरान कुछ ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और अतिरिक्त बल तैनात किया गया।

Related Articles

Back to top button